Rhnn- शिमला: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी आज निकट तक पहुंच गई। पर्यटक स्थल नारकंडा, हाटू पीक और खड़ा पत्थर में आज दोपहर बाद हल्का हिमपात हुआ जबकि कुफरी और आसपास के इलाकों में बजरी पड़ी। जिले के अन्य हिस्सों में वर्षा हुई है। शिमला और आसपास के इलाकों में बीती रात और आज हुई वर्षा तथा दोपहर बाद नारकंडा और आसपास के इलाकों में बर्फबारी से पूरे क्षेत्र में शीतलहर बढ़ गई है तथा लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
खड़ा पत्थर, नारकंडा और हाटू पीक में दोपहर बाद हुई हल्की बर्फबारी का यहां घूमने पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने खूब आनंद लिया। हाटू पीक में लगभग 4 इंच बर्फबारी हुई है जबकि खड़ा पत्थर में भी 2 से 3 इंच तक बर्फ पड़ी है। हालांकि इस बर्फबारी से दोनों ही स्थानों पर यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है।
उधर राज्य के जनजातीय क्षेत्र लाहुल स्पिति, किन्नौर और चंबा जिला के पांगी तथा भरमौर में आज भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। आज पूरी लाहौल घाटी में दोपहर बाद से व्यापक बर्फबारी हो रही है। उधर रोहतांग दर्रे पर भी बर्फ की परत आज ताजा हिमपात से और मोटी हो गई।
राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में बीती रात व्यापक वर्षा हुई। केलांग आज प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान -3, कल्पा में -0.2, मनाली में 2.2, कुफरी में 3 और शिमला में 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज राज्य के निचले इलाकों में वर्षा और ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 15 नवंबर से प्रदेश में मौसम में सुधार होगा और शीतलहर में कमी आएगी।